बढ़ते तनाव के मध्य उत्तर कोरिया में फेरबदल
उत्तर कोरिया तथा अमरीका के बीच बढ़ते तनाव विशेषकर बिना किसी वक्तव्य के संक्षिप्त की गई हनोई वार्ता के बाद के परिदृश्य में प्योंगयांग में उत्तर कोरिया की 14वीं सुप्रीम पीपल्स असेंबली (एसपीए) का पहला सत्र देश के नेतृत्व के लिए एक बड़े फेरबदल का गवाह बना | उत्तर कोरिया के कई प्रतिष्ठित नेता बदले गए तथा अन्य नेता महत्वपूर्ण पदों पर प्रोन्नत किए गए | नए पद सृजित किए गए तथा 2018 के लिए देश के बजट और 2019 के लिए अनुमानित बजट को अनुमोदित किया गया | नव निर्वाचित प्रतिनिधियों ने राज्य नेतृत्व निकायों के राज्य मामलों के आयोग (एसएसी) के अध्यक्ष के चुनाव तथा समाजवादी संविधान के रूपान्तरण और न्यूनतापूरण को लेकर चर्चाएं कीं | ये वार्ता डेमोक्रेटिक पीपल्स रिपब्लिक ऑफ़ कोरिया (डीपीआरके) की राजनीतिक व्यवस्था को पुनःपरिभाषित करने के लिए “राज्य सामान्यीकरण” की थीम पर फ़ोकस थी |
किम जोंग-उन एसएसी के अध्यक्ष पद के लिए दोबारा चुने गए हैं तथा उन्हें “सभी कोरियाई लोगों के सर्वोच्च प्रतिनिधि” की नई उपाधि दी गई है | इसका अर्थ यह है कि वे पार्टी, राज्य तथा सेना के शीर्ष नेता बने रहेंगे | बहरहाल, वे इस सत्र में शामिल नहीं हुए | एसएसी का नया बदलाव दक्षिण कोरिया की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एनएससी) या क़ानून, व्यवस्था तथा विदेश नीति और रक्षा तंत्र तैयार करने संबंधी मामलों से निपटने के लिए कुछ अलग उत्तरदायित्व के साथ दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय जैसा प्रतीत होता है |
पाक पोंग-जू ने 2003 से 2007 तक और 2013 से 2019 तक उत्तर कोरिया के व्यावहारिक प्रधानमंत्री के रूप में अपनी सेवाएँ दीं और मंत्रिमंडल के प्रमुख के तौर पर उन्होंने अपना त्यागपत्र दिया | एसपीए के उपाध्यक्ष के रूप में वे दोबारा निर्वाचित हुए | किम जे र्योंग ने मंत्रिमंडल के नए प्रधानमंत्री तथा सुप्रीम पीपल्स असेंबली (एसपीए) प्रेसिडियम के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला | चौथी समग्र बैठक में र्योंग पोलितब्यूरो तथा पार्टी के सेंट्रल मिलिट्री कमीशन के लिए निर्वाचित किए गए | वे जगंग प्रांतीय पार्टी समिति के अध्यक्ष पद का अनुभव रखते हैं |
चो र्योंग हे एसपीए के प्रेसिडियम का अध्यक्ष बन चुके हैं | इससे पहले चो पोलितब्यूरो की स्थायी समिति के सदस्य और डब्ल्यूपीके केंद्रीय समिति के संगठन तथा गाइडेंस विभाग (ओजीडी) के निदेशक रह चुके हैं | चो को एसएसी के पहले उपाध्यक्ष के रूप में एक नए पद का उत्तरदायित्व भी दिया गया है | विदेश मामलों के पहले उप-मंत्री, चो सन हुई एसएसी के लिए निर्वाचित किए गए और वे एसपीए के विदेश मामलों की समिति के एक नए सदस्य बन चुके हैं | एसएसी में अब प्रधानमंत्री किम जे रोंग, किम सु गिल, री मैन गोन और नो क्वांग चोल भी शामिल हैं | विदेश मंत्री, री योंग हो तथा एसपीए विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष, री सू योंग एसएसी में दोबारा निर्वाचित हुए हैं | एक मुख्य अधिकारी, री मैन गोन पोलितब्यूरो तथा पार्टी के सेंट्रल मिलिट्री कमीशन के लिए चुने गए हैं तथा एक अज्ञात पार्टी सेंट्रल कमिटी विभाग के निदेशक और सेंट्रल कमिटी के उपाध्यक्ष के रूप में नामित किए गए हैं | उत्तर कोरिया ने पोत निर्माण के लिए एक नया मंत्रालय बनाया है तथा कांग छो जीउ को इसका मंत्री नियुक्त किया है |
वित्त मंत्री, की क्वांग हो ने कहा कि उत्तर कोरियाई सरकार ने बिजली उत्पादन, रसायन तथा प्रकाश उद्योग पर फ़ोकस करते हुए अर्थव्यवस्था के विकास के लिए कुल व्यय का 47॰6 प्रतिशत आवंटित किया है | वर्तमान वर्ष के लिए उत्तर कोरिया का रक्षा बजट कुल व्यय का 15॰8 प्रतिशत है | शिक्षा, जन स्वास्थ्य तथा खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्योंगयांग अपने बजट का 36॰4 प्रतिशत हिस्सा इस मद के लिए आवंटित करने की योजना रखता है |
एसपीए के अंतर्गत ये सभी महत्वपूर्ण परिवर्तन देश की अर्थव्यवस्था को आत्म-निर्भर तथा जूसे की विचारधारा के अनुकूल बनाने की दिशा में किए गए हैं | ग़ौरतलब है कि जूसे, समाजवाद का एक प्रकार है, जिसके संस्थापक किम ईल-सुंग हैं, ये नए तरीक़े से स्वतन्त्रता तथा आत्म-निर्भरता का समर्थन करता है |
उत्तर कोरिया ने कहा कि यह अपना परमाणु हथियार बनाने के कार्यक्रम को नहीं छोड़ेगा, क्योंकि इसी की वजह से यह अमरीका से बातचीत कर सकने के योग्य हो सका है | बहरहाल, किम जोंग-उन अमरीका के साथ तब तक परमाणु वार्ता चरणबद्ध तरीक़े से नहीं करेगा, जब तक कि एक निष्पक्ष समाधान के लिए उत्तर कोरिया तथा अमरीका के बीच एक व्यापक समझौता नहीं होता है | किम ने कहा कि वे वाशिंगटन के रवैये में लचिलापन आने तक इस वर्ष के अंत तक इंतज़ार करेगा |
भारत का दृढ़ता से मानना है कि सभी को एक मित्रतापूर्ण समाधान तक पहुँचने के लिए हर संभव कोशिश करनी चाहिए |
आलेख – रचित भारद्वाज, शोध विश्लेषक, जे॰एन॰यू॰
अनुवादक\वाचक – मनोज कुमार चौधरी
Comments
Post a Comment