एक सशक्त सरकार के लिए भारत का मतदान

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को 900 मिलियन से अधिक भारतीय मतदाताओं ने एक निर्णायक जनादेश दिया है | 35 वर्षों में पहली बार, भारतीय सरकार की लोकसभा में एक अकेली पार्टी 303 सीटें जीत पाने में सफल रही है | प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय सुरक्षा तथा विकास के दोहरे मुद्दों पर कार्यालय में लगातार दूसरा सत्र जीतने में सफल हुए हैं |

17वीं लोकसभा के गठन के लिए सातवें चरण के चुनाव में भारतीय मतदाताओं ने बीजेपी को भरपूर समर्थन दिया | पश्चिम बंगाल तथा तेलंगाना जैसे राज्यों में पार्टी अपनी उपस्थिती मज़बूत करने में सफल रही है | ध्यातव्य है कि इन राज्यों में इसकी न्यूनतम उपस्थिती थी | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (आईएनसी) की नेतृत्व वाली भारतीय विपक्षी पार्टियां अपना लक्ष्य प्राप्त करने में सफल नहीं हुईं | विगत पाँच वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए गए कार्यों के कारण बहुत से मतदाता उनके समर्थन में उठ खड़े हुए |

एनडीए सरकार पिछले पाँच वर्षों में 133 विकासपरक परियोजनाओं की शुरुआत करने में सहायक रही है | स्वच्छता, खाना पकाने की गैस, सब्सिडी का उचित वितरण, बैंक की सुविधा से वंचित बड़ी संख्या में भारतीय लोगों के लिए बैंक खाता खोलने जैसे बुनियादी मुद्दे उन पहलों में हैं, जिनमें भारत के लोगों को सकारात्मकता दिखी |

राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में, एनडीए सरकार मज़बूती से डटी रही है | आतंकवाद के मुद्दे पर शून्य सहिष्णुता के माध्यम से एक स्पष्ट संदेश दिया गया | भारतीय सुरक्षा बलों ने आतंकवाद के ख़तरों से लड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है | इन ख़तरों में विशेषरूप से सीमा-पार आतंकवाद है, जो भारत के जम्मू तथा कश्मीर में अपना कुरूप चेहरा दिखा चुका है | पुलवामा आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के बालाकोट, चकोटी तथा मुज़फ्फ़राबाद में जैश-ए-मोहम्मद के शिविरों पर भारत का जवाबी हमला एक प्रतिमान था | मोदी सरकार भारतीय वायु सेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान की रिहाई को सुरक्षित करवाने में भी सफल रही है, जिनका विमान पाकिस्तानी अंचल में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था |

प्रधानमंत्री मोदी भारत की विदेश नीति को एक नई दिशा देने तथा इसे आगे बढ़ाने में सफल रहे हैं | उनकी “एक्ट ईस्ट” नीति भारत के पूर्वी पड़ोस के साथ तालमेल बनाने में सहायक साबित हुई है | डोकलाम गतिरोध की समाप्ति, अमरीका, रूस, चीन, सऊदी अरबिया, ईरान तथा इज़राइल के साथ गहराते सम्बन्धों ने भारतीय जनता को ख़ुश कर दिया था |

2019 का चुनाव एक आकांक्षी वोट है | मतदाताओं ने जाति, धर्म, भाषा तथा जेंडर का ख़्याल किए बिना और जाति गठबंधन को नकारते हुए श्री मोदी के पक्ष में खुले दिल से मतदान किया | मतदाता एक बेहतर जीवन पाने के आकांक्षी हैं और श्री मोदी के क़द का एक नेता ही उनकी उम्मीदों को पूरा कर सकते हैं |

अब भारतीय प्रधानमंत्री के पास एक कठिन कार्य है | खाद्य, धन की सहायता, आवास तथा शौचालय की सुविधा प्राप्त कर चुकी निर्धन जनता अब और आकांक्षी हो जाएगी | भारत लगभग दो हज़ार डॉलर की प्रति व्यक्ति आय वाले मध्यम आय वर्ग के देशों में प्रवेश कर रहा है | नए उभरते उपभोक्ता वर्ग सामंती शैली व्यवस्था से इतर आकांक्षाओं से प्रेरित होते हैं | यहाँ तक कि कम में संतुष्ट होने वाले ग्रामीण युवा रोज़गार के मामले में शहरी युवाओं के साथ बराबरी करने वाले होंगे |

भारतीय अर्थव्यवस्था को भी एक उछाल की आवश्यकता है | गत पाँच वर्षों में अच्छे माहौल के कारण खाद्य मूल्यों में मामूली वृद्धि हुई है | अब, एक वैश्विक आर्थिक मंदी धुंधली सी दिखती प्रतीत होती है | वैश्विक व्यापार युद्ध के कारण मूल्य के मोर्चे पर एक दबाव के संकेत मिल रहे हैं | ये व्यापार युद्ध ही वास्तविक युद्द में बदल सकते हैं |

अगली सरकार को सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र अर्थात रोज़गार सृजन पर ध्यान देने की आवश्यकता होगी | करोड़ों बेरोज़गार युवाओं को रोज़गार मुहैया कराना कोई आसान काम नहीं होने जा रहा है | “स्किल इंडिया” तथा “मुद्रा” ऋण योजना जैसी योजनाओं को सहारा देने की आवश्यकता है | शिक्षा तथा विनिर्माण पर अब बल देने की आवश्यकता है |

कर प्रणाली में सुधार की आवश्यकता है, क्योंकि एक राष्ट्र वाली जीएसटी प्रणाली चल चुकी है, लेकिन अभी भी इसे आसान बनाने की आवश्यकता है | यह एक कठिन काम होने जा रहा है, क्योंकि सरकार की आय बढ्ने के साथ लोगों की क्रय शक्ति भी बढ़नी चाहिए |

आज आकांक्षाएँ 2014 से कहीं अधिक हैं | भारतीयों का मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी समस्याओं का समाधान करने तथा भारत को एक अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प रखते हैं | भारतीय मतदाताओं का मानना है कि आने वाले पाँच वर्षों में भारत एक नए शिखर तक पहुंचेगा |

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान समेत विश्व के कई नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी है तथा एक बेहतर वैश्विक व्यवस्था की दिशा में उनके साथ काम करने की इच्छा जताई है |




आलेख – प्रो॰ शिवाजी सरकार, राजनीतिक टिप्पणीकार

अनुवादक/वाचक – मनोज कुमार चौधरी

Comments

Popular posts from this blog

भारत ने फिजी को पहुंचाई मानवीय सहायता

आत्मनिर्भर भारत में प्रवासियों की भूमिका

अरब-भारत सहयोग फोरम की बैठक