श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने एक उच्च स्तरीय शिष्टमंडल के साथ भारत का दौरा किया तथा भारतीय नेतृत्व के साथ चर्चाएं कीं | श्री राजपक्षे ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द से मुलाक़ात की | उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ विस्तार से चर्चाएं कीं | भारत के विदेश मंत्री डॉ॰ एस॰ जयशंकर ने भी श्री लंका के प्रधानमंत्री के साथ वार्ता की |

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत तथा श्रीलंका बहुत पुराने पड़ोसी होने के साथ-साथ निकटतम मित्र भी हैं | हमारे द्विपक्षीय सम्बन्धों का इतिहास संस्कृति, धर्म, आध्यात्मिकता, कला तथा भाषा जैसे अनगिनत रंग-बिरंगे धागों से बुना हुआ है | चाहे वह सुरक्षा या आर्थिक या सामाजिक प्रगति का मामला हो, हम भूत तथा भविष्य प्रत्येक क्षेत्र में एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं | श्रीलंका की स्थिरता, सुरक्षा तथा समृद्धि न केवल भारत के हित में हैं, बल्कि समूचे हिन्द महासागर क्षेत्र के हित में भी हैं | इस प्रकार, हमारा निकटतम सहयोग शांति तथा समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण है यहाँ तक कि यह हिन्द-प्रशांत क्षेत्र के लिए भी आवश्यक है | हमारे सरकार के “पड़ोस पहले” की नीति तथा “ सभी के लिए सुरक्षा तथा विकास अर्थात “सागर” सिद्धान्त इसी विचार के अनुरूप हैं | भारत श्रीलंका के साथ सम्बन्धों को विशेष महत्व देता है | क्षेत्रीय सुरक्षा तथा विकास के लिए भारत के साथ काम करने संबंधी श्रीलंका सरकार के संकल्प का भारत ने स्वागत किया |

प्रधानमंत्री मोदी तथा श्री राजपक्षे ने आपसी हितों के द्विपक्षीय सम्बन्धों तथा अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों के सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चाएं कीं | दक्षिण एशियाई क्षेत्र में आतंकवाद एक बड़ा संकट है | दोनों देशों ने इस समस्या का दृढ़ता से सामना किया है | गत वर्ष श्रीलंका में “ईस्टर डे” पर दुखदायी तथा बर्बर आतंकी हमले हुए | यह हमला न केवल श्रीलंका बल्कि मानवता पर भी प्रहार था | आतंकवाद के विरुद्ध द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने संबंधी चर्चाएं दोनों नेताओं ने कीं | श्रीलंका के पुलिस अधिकारी भारत के अग्रणी प्रशिक्षण संस्थानों में आतंकवाद-रोधी पाठ्यक्रम में भागीदारी करना शुरू कर चुके हैं | दोनों देशों की एजेंसियों के बीच संपर्क तथा सहयोग को और सशक्त करने के प्रति भारत वचनबद्ध है |

दोनों नेताओं ने श्रीलंका की साझा आर्थिक परियोजनाओं पर चर्चाएं कीं तथा आर्थिक, व्यवसाय और निवेश सम्बन्धों को आगे बढ़ाने पर भी नेताओं ने वार्ता की | दोनों नेताओं ने लोगों से लोगों के संपर्क को बढ़ाने, पर्यटन को बढ़ावा देने और संपर्क को दुरुस्त करने पर भी चर्चाएं कीं |

चेन्नई तथा जाफ़ना के बीच हाल ही में बहाल हुई सीधी उड़ान इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है | यह सीधी उड़ान श्रीलंका के उत्तरी क्षेत्र की तमिल जनसंख्या के लिए संपर्क विकल्प की सुविधा देगी | यह उड़ान इस क्षेत्र के आर्थिक तथा सामाजिक विकास के लिए लाभकारी भी होगी | इस उड़ान सेवा का लोगों ने स्वागत किया है, जो दोनों देशों के लिए आनंद का विषय है | दोनों प्रधानमंत्रियों ने हमारे सम्बन्धों को दुरुस्त करने तथा इसे और आगे बढ़ाने संबंधी प्रयासों पर भी चर्चाएं कीं |

श्रीलंका के विकास प्रयासों में भारत एक भरोसे का साझेदार है | गत वर्ष घोषित नई ऋण व्यवस्था हमारे विकासीय सहयोग को और सशक्त बनाएगी | भारतीय आवास परियोजना के अंतर्गत श्रीलंका के उत्तरी तथा पूर्वी क्षेत्र में आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों के लिए 48,000 से अधिक घरों के निर्माण का कार्य सम्पन्न हो चुका है, जो नई दिल्ली के लिए हर्ष का विषय है | भारतीय मूल के तमिल लोगों के लिए कई हज़ार घरों के निर्माण का कार्य भी इस देश के ऊपरी क्षेत्र में प्रगति पर है | प्रधानमंत्री राजपक्षे तथा श्री मोदी ने मछुआरों के मानवीय मुद्दों पर भी चर्चाएं कीं | यह मुद्दा दोनों देशों के लोगों की आजीविका को प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित करेगा | नई दिल्ली तथा कोलंबो इस मुद्दे पर रचनात्मक तथा मानवीय रवैया जारी रखने पर सहमत हुए |

श्रीलंका के प्रधानमंत्री ने बल देकर कहा कि विदेश नीति का निर्णय लेते समय घरेलू बाध्यताओं को ध्यान में रखा जाना चाहिए | उन्होंने कहा कि “हमें पहले विकास की आवश्यकता है | हमारे पास सीमित समय है | इन पाँच वर्षों में, हमें परिणाम देने हैं, नहीं तो जनता हमें माफ़ नहीं करेगी | यही मेरे साथ हुआ | श्रीलंका के हितों को सबसे ऊपर रखा जाएगा |” कोलंबो चीनी ऋण के जाल में है, इसे लेकर श्री राजपक्षे ने कहा कि अगर यह उनकी सरकार का मामला होता, तो वे इसकी अनुमति कभी नहीं देते |

मेल-मिलाप से संबन्धित मुद्दों पर दोनों नेताओं ने खुलकर बातें कीं | भारतीय प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीलंका की सरकार एक एकीकृत श्रीलंका में समानता, न्याय, शांति तथा सम्मान के लिए तमिल लोगों की आशाओं को वास्तविक बनाएगी | इसके लिए, श्रीलंका के संविधान के 13वें संशोधन के क्रियान्वयन के साथ मेल-मिलाप की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना आवश्यक होगा |
आलेख – पदम सिंह, आकाशवाणी के समाचार विश्लेषक
अनुवादक/वाचक – मनोज कुमार चौधरी

Comments

Popular posts from this blog

भारत ने फिजी को पहुंचाई मानवीय सहायता

आत्मनिर्भर भारत में प्रवासियों की भूमिका

अरब-भारत सहयोग फोरम की बैठक