विशिष्ट हाइपरसोनिक क्लब में भारत का प्रवेश
भारत ने एक स्क्रैमजेट इंजन द्वारा संचालित स्वदेशी रूप से विकसित हाइपरसोनिक तकनीक वाले प्रदर्शनकारी वाहन को सफलतापूर्वक लॉन्च करने का गौरव हासिल किया, जो अगली पीढ़ी की हाइपरसोनिक क्रूज मिसाइलों के लिए एक महत्वपूर्ण आधार स्तंभ के रूप में काम करेगा। भारत के रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) ने इसे विकसित किया है जिसने इसे एक बड़ी तकनीकी सफलता बताया है। वायु-श्वास स्क्रैमजेट इंजन का सभी तकनीकी मापदंडों को पूरा करते हुए, वायुमंडल के भीतर हाइपरसोनिक गति से सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया। परीक्षण कई और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों, सामग्रियों और हाइपरसोनिक वाहनों के विकास का मार्ग भी प्रशस्त करता है। अगले चरण में, डीआरडीओ पांच से छह वर्षों में लंबी दूरी की हाइपरसोनिक क्रूज मिसाइल विकसित करने के प्रति आशान्वित है।
जब एक प्रक्षेप्य 5 मैक से अधिक गति से प्राप्त कर लेता है; जो कि ध्वनि की गति का 5 गुना है, तो उस गति को हाइपरसोनिक गति कहा जाता है। अब तक, केवल अमेरिका, रूस और चीन हाइपरसोनिक मिसाइल विकसित करने की क्षमता के साथ एक अत्यंत विशिष्ट हाइपरसोनिक क्लब शामिल हैं। अब, भारत उस अनन्य क्लब का चौथा सदस्य बन गया है।
बंगाल की खाड़ी में, ओडिशा तट पर डॉ. अब्दुल कलाम द्वीप से, भारत के हाइपरसोनिक क्रूज वाहन ने 6 मैक के वेग से 22-24 सेकंड के लिए अपने स्क्रैमजेट-संचालित उड़ान पथ को बनाए रखा। लॉन्च और क्रूज़ वाहनों के मापदंडों पर कई ट्रैकिंग रडार, इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सिस्टम और टेलीमेट्री स्टेशनों द्वारा निरंतर निगरानी रखी गई थी। हाइपरसोनिक वाहन के क्रूज चरण के दौरान इस परीक्षण की निगरानी के लिए बंगाल की खाड़ी में एक जहाज भी तैनात किया गया था। सभी प्रदर्शन मापदंडों ने मिशन की एक शानदार सफलता का साक्ष्य दिया है।
हालांकि यह एक बड़ी उपलब्धि है, भारत को अभी भी कुछ मिनटों के लिए निरंतर स्क्रैमजेट-संचालित हाइपरसोनिक उड़ान को प्राप्त करना है, जिसका परीक्षण अमेरिका, रूस और चीन कर चुके हैं। वास्तव में, तीनों देश एरोडायनामिक रूप से युद्धाभ्यास वाले हाइपरसोनिक अस्त्रों को विकसित करने की दौड़ में अग्रणी हैं जो दुश्मन के मिसाइल रक्षा प्रणालियों को ध्वस्त कर सकते हैं।
भारतीय सशस्त्र बलों के पास पहले से ही रूस के साथ मिलकर विकसित रैमजेट-संचालित ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलें हैं, जो 2.8 मैक की गति से छोड़ी जाती हैं। एक रैमजेट वायु-श्वास जेट इंजन का एक रूप है जो अक्षीय कंप्रेसर या एक केन्द्रापसारक कंप्रेसर के बिना आने वाली हवा को संपीड़ित करने के लिए इंजन की आगे की गति का उपयोग करता है। सुपरसोनिक दहन रैमजेट या स्क्रैमजेट, दहन से पहले आने वाली वायु को संपीड़ित करने के लिए उच्च वाहन की गति पर भी निर्भर करता है। जबकि, एक रैमजेट दहन से पहले हवा को उप-वेगों तक विघटित करता है, एक स्क्रैमजेट में वायु प्रवाह सुपरसोनिक रहता है।
रैमजेट 3 मैक के आसपास सुपरसोनिक गति से सबसे कुशलता से काम करते हैं और 6 मैक की गति तक काम कर सकते हैं। हालांकि, वाहन के हाइपेरिक गति तक पहुंचने पर रैमजेट दक्षता कम होने लगती है। दूसरी ओर, एक स्क्रैमजेट कुशलता से हाइपरसोनिक गति से संचालित होता है और सुपरसोनिक दहन की विशेषता वाला होता है।
हाइपरसोनिक परीक्षण प्रदर्शन वाहन के पीछे की जटिल तकनीक में छोटे उपग्रहों के कम लागत वाले प्रक्षेपण जैसे सामान्य अनुप्रयोग भी हैं। आज, उपग्रहों को बहु-मंचित उपग्रह लॉन्च वाहनों द्वारा कक्षा में लॉन्च किया जाता है जो केवल एक बार उपयोग किए जा सकते हैं इसलिए ये महंगे होते हैं। इसके अलावा, उनकी कार्यदक्षता भी कम है, क्योंकि वे अपने भारोत्तोलन के द्रव्यमान का केवल 2 से 4% ही कक्षा में ले जा सकते हैं। इसके अलावा, आज के लॉन्च वाहनों द्वारा किए गए लगभग 70% प्रणोदक में ऑक्सीकारक होते हैं जो दहन के लिए ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। इसलिए, यदि अगली पीढ़ी के लॉन्च वाहन एक प्रणोदन प्रणाली का उपयोग करते हैं जो वायुमंडलीय ऑक्सीजन का उपयोग वायुमंडल के माध्यम से उनकी उड़ान के दौरान कर सकते है, तो कक्षा में एक उपग्रह स्थापित की लागत काफी हद तक कम हो सकती है। स्क्रैमजेट-संचालित लॉन्च वाहन इस लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।
आलेख - बिमान बसु, वरिष्ठ विज्ञान टिप्पणीकार
अनुवादक एवं वाचक - हर्ष वर्धन
Comments
Post a Comment